गेहूं की फसल में चूहों का हमला किसानों के लिए एक बड़ी समस्या होता है। एक बार खेत में चूहे लग जाएं तो वे लगातार पौधों को काटकर फसल तहस-नहस कर देते हैं, जिससे उत्पादन में भारी गिरावट आती है। चूहों से अपनी फसल को सुरक्षित रखने के लिए कुछ ऐसे घरेलू और बिना खर्चे वाले तरीके हैं जिन्हें अपनाकर आप उन्हें खेत से भगा सकते हैं !
खेत की सिंचाई: चूहों को भगाने का सबसे प्राथमिक तरीका खेत में पानी लगाना है। सिंचाई करने से चूहों के बिलों में पानी भर जाता है, जिससे वे अगले 20-25 दिनों तक अपने बिलों के पास नहीं फटकते और दूसरे खेतों की ओर चले जाते हैं।
रुई की मीठी गोलियां: कपास की रुई को शक्कर की चाशनी में भिगोकर छोटी-छोटी गोलियां बना लें और उन्हें चूहों के बिलों के पास रख दें। चूहों को मीठा पसंद होता है, इसलिए वे इसे खाने की कोशिश करेंगे। रुई उनकी आहार नाल में फंस जाती है, जिससे घबराकर वे खेत छोड़कर भाग जाते हैं और दोबारा वापस नहीं आते।
बाल और आटे के लड्डू: नाई की दुकान से बाल लाकर उन्हें आटे, घी और गुड़ के साथ मिलाकर छोटे लड्डू तैयार करें। इन लड्डुओं को चूहों के प्रभावित क्षेत्रों में रखें। बाल चूहों के पेट में जाकर फंस जाते हैं और उन्हें भोजन पचाने में भारी कठिनाई देते हैं, जिससे उन्हें लगता है कि वहां कोई जाल बिछाया गया है।
प्याज का उपयोग: चूहों को प्याज की तेज गंध बिल्कुल बर्दाश्त नहीं होती। जहां भी चूहों के बिल दिखाई दें, वहां प्याज के टुकड़े रख दें। प्याज की दुर्गंध से चूहे बिलों से दूर भाग जाते हैं।
अन्य रोचक तरीके: गाजर के छोटे टुकड़े खेत में छिड़कने से चूहे गेहूं के बजाय गाजर खाते हैं, जो उनके दांतों में फंसकर उन्हें परेशान करती है। एक और प्रचलित ग्रामीण तरीका यह है कि एक चूहे को पिंजरे में पकड़कर उसे अलग-अलग रंगों से रंगकर छोड़ दें। उसे देखकर अन्य चूहे डर जाते हैं और उस स्थान को असुरक्षित समझकर छोड़ देते है।
इन सरल और पारंपरिक तरीकों को अपनाकर आप बिना किसी महंगे कीटनाशक के अपनी गेहूं की फसल को चूहों के नुकसान से बचा सकते हैं।











